बलरामपुर-रामानुजगंज, 14 जून (आरएनएस)। जिले के थाना पस्ता पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 प्रतिबंधित इंजेक्शन, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की बैंगनी-सफेद रंग की यामाहा मोटरसाइकिल में शंकरगढ़ की ओर से परता की तरफ नशीले इंजेक्शन लेकर आ रहा है। सूचना मिलने पर थाना पस्ता पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए ग्राम बासेन के कोदोडीपा कोलावाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम अतिकुर रहमान (54 वर्ष) निवासी ग्राम बासेन, थाना पस्ता, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज बताया। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की से चार सीलबंद पैकेट बरामद हुए।
जांच में दो पैकेटों से फेनिरामाइन मेलिएट इंजेक्शन की 50 शीशियां तथा दो अन्य पैकेटों से ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन की 50 शीशियां बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 100 नशीले इंजेक्शन जब्त किए। साथ ही आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस जांच में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट का अपराध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

