New Delhi 15 June (Rns) /- देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं। शाम के समय उमसभरी गर्मी हो रही है। इस बीच, देश के कई राज्यों में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार तक मॉनसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से होते हुए हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारिपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान परिस्थितियां मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं।
इस दौरान महाराष्ट्र के अधिक हिस्सों, कर्नाटक के शेष भागों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ और क्षेत्रों, झारखंड, बिहार तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है

