बागपत 15 June (Rns) : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने जो खुलासे किए हैं, उसने सबको चौंका दिया है। आरोपी पत्नी अपने पति की करोड़ों रुपये की जमीन बेचकर अपने प्रेमी के साथ ऐश-ओ-आराम की जिंदगी बिताना चाहती थी।
खीर में नशीली गोलियां मिलाकर उतारा मौत के घाट
घटना शुक्रवार रात की है। मृतक सचिन (33 वर्ष) को उसकी पत्नी रचना ने पहले खीर में नशीली गोलियां मिलाकर खिला दीं। जब सचिन गहरी नींद में सो गया, तो रचना ने अपने प्रेमी सोनू (निवासी रंछाड़) को घर बुला लिया। इसके बाद रचना ने पति के हाथ पकड़े और सोनू ने तकिए से मुंह दबाकर व गला घोंटकर सचिन को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद प्रेमी सोनू महिला से ढाई लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
हत्या को प्राकृतिक या दुर्घटना साबित करने के लिए रचना और सोनू ने एक मनगढ़ंत कहानी तैयार की। उन्होंने परिजनों को बताया कि खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय सचिन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। शनिवार सुबह रचना ने सचिन के भाई नवीन को फोन कर इसकी जानकारी दी। परिजन उसे तुरंत बड़ौत के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। दूसरे अस्पताल में डॉक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया।
गले के निशान और सीसीटीवी ने खोला राज
शनिवार सुबह जब परिजनों ने सचिन के गले पर संदिग्ध निशान देखे, तो उन्हें गहरा शक हुआ। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब 10 बजे एक संदिग्ध युवक (सोनू) घर के अंदर जाता और सुबह 3:28 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया।
जब पुलिस ने इस सबूत के साथ पत्नी रचना से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया

