भिलाई, 15 जून (आरएनएस)। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में स्थित केनरा बैंक एटीएम में तोडफ़ोड़ करने वाले दो युवकों को पुलिस ने चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपियों की पहचान शिवम कुमार (19) और रितिक कुमार सिंह (19) के रूप में हुई है, जो छावनी क्षेत्र के युवा अंकुश चौक के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को केनरा बैंक एटीएम, बेदी कॉम्प्लेक्स, नंदनी रोड भिलाई के गेट में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोडफ़ोड़ किए जाने की शिकायत थाना छावनी में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत धारा 324(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एटीएम के गेट में तोडफ़ोड़ करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस जांच में अपराध सिद्ध पाए जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि मामला जमानतीय होने के कारण दोनों आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। साथ ही भविष्य में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उनके विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
प्रारंभिक जांच में घटना का कारण शरारतवश सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना पाया गया है। प्रकरण में किसी प्रकार की सामग्री जप्त नहीं की गई है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने और किसी भी प्रकार की तोडफ़ोड़ या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

