जांजगीर-चांपा, 15 जून (आरएनएस)। बलौदा थाना पुलिस ने महावीर कोलवासरी में कोयला तौल में हेराफेरी कर 19.75 टन कोयले के गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान ईश्वरी प्रसाद पटेल (30 वर्ष) निवासी ग्राम खोहा, थाना बलौदा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 28 दिसंबर 2024 को महावीर कोलवासरी में कार्यरत राज कुमार मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर आए दो ट्रकों की तौल के दौरान गंभीर अनियमितता हुई है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी पर मौजूद गार्ड और कोल यार्ड सुपरवाइजर को ट्रकों में कोयले की मात्रा कम होने का संदेह हुआ।
जांच में खुलासा हुआ कि नाइट शिफ्ट में तैनात ठेका कर्मचारी एवं कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने संबंधित ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी थी। इसके बाद ट्रकों को अनलोडिंग के लिए कोल यार्ड भेज दिया गया।
जब सुपरवाइजर ने कोयले की मात्रा कम पाई तो दोनों वाहनों का दोबारा वजन कराया गया। पुन: तौल में एक ट्रक में 7.05 टन और दूसरे में 12.70 टन कोयला कम मिला। इस तरह कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये आंकी गई।
मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
15 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने ग्राम खोहा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे एवं थाना बलौदा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

