बिलासपुर, 15 जून (आरएनएस)। नशामुक्त समाज के निर्माण और अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलगहना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 29 लीटर महुआ शराब और बिक्री की नकदी जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी बेलगहना पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने ग्राम करवा निवासी विष्णु खण्डेय (50 वर्ष) के बाड़ी से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं ग्राम सरगोड़ निवासी दुर्गेश धनुहार (25 वर्ष) के घर की बाड़ी से 9 लीटर महुआ शराब, 200 रुपये की बिक्री रकम सहित कुल 1,100 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया।
जांच में दोनों आरोपियों द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब का संग्रहण एवं बिक्री करना पाए जाने पर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 34(1)(ख) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक भारतलाल राठौर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम मरावी तथा आरक्षक ईश्वर नेताम और संजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०


