दुर्ग, 15 जून (आरएनएस)। भिलाई के नंदनी रोड स्थित केनरा बैंक एटीएम में तोडफ़ोड़ करने वाले दो युवकों की पहचान कर छावनी पुलिस ने उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपियों को जमानत पर रिहा किए जाने के बाद प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 जून को प्रगति नगर रिसाली निवासी अशोक कुमार जांगड़े ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बेदी कॉम्प्लेक्स स्थित केनरा बैंक एटीएम के गेट में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोडफ़ोड़ की गई है। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत धारा 324(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्ध युवकों की पहचान की गई। पूछताछ में दोनों ने एटीएम के गेट में तोडफ़ोड़ करना स्वीकार कर लिया। जांच में अपराध सिद्ध पाए जाने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कुमार (19 वर्ष) और रितिक कुमार सिंह (19 वर्ष), दोनों निवासी युवा अंकुश चौक, छावनी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने शरारतवश एवं असामाजिक गतिविधि के तहत सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।
चूंकि मामला जमानतीय था, इसलिए आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। वहीं भविष्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उनके खिलाफ धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर माननीय एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की तोडफ़ोड़ या उपद्रव की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

