जगदलपुर, 15 जून (आरएनएस)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 61 प्रकरणों में जब्त गांजा और नशीली सिरप को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, कुल 2234.648 किलोग्राम गांजा और 6500 मिलीलीटर नशीली सिरप का नष्टीकरण किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 2 लाख 97 हजार 560 रुपये है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे, उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा, आबकारी अधिकारी अमन सिंह, पर्यावरण विभाग के अधिकारी घनश्याम सिंह, नायब तहसीलदार लखिराम पांडे, थाना प्रभारी नगरनार संतोष सिंह तथा नारकोटिक्स सेल प्रभारी श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जप्त गांजा को एनएमडीसी के फर्नेस में जलाकर नष्ट किया गया, जबकि नशीली सिरप को बोतलों से निकालकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गड्ढे में डालकर नष्ट किया गया। खाली प्लास्टिक बोतलों को पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए रीसाइक्लिंग के लिए भेजा गया।
बस्तर पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
०


