रायगढ़, 16 जून (आरएनएस)। जिले में कोयला परिवहन रेल लाइन पर एक दर्दनाक हादसे में जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी के एक पैर में गहरी चोट लग गई, जिससे वह दर्द से कराहता रहा। घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव के पास की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेल ट्रैक पार करने के दौरान हाथी अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। घायल हाथी की चिंघाड़ सुनकर उसके झुंड के कई अन्य हाथी भी मौके पर पहुंच गए और घायल साथी के आसपास डटे रहे। हाथियों के दल की मौजूदगी के कारण वन विभाग और रेस्क्यू टीम को राहत कार्य शुरू करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद वन विभाग के अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और विशेषज्ञों की टीम ने घायल हाथी का उपचार शुरू किया। हाथी की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी के उपचार और सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों और रेल मार्गों के बीच बढ़ते संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। जंगल से गुजरने वाले रेल मार्गों पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

