बेंगलुरु 16 June (Rns)- कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद युवती के प्रेमी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने एक वर्ष पहले परिवार से छिपाकर शादी कर ली थी, जिसका खुलासा हाल ही में एक इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए हुआ।
मृतका भवानी बेंगलुरु के तुलसी नगर क्षेत्र में रहती थी और एक मोबाइल फोन शोरूम में बिलिंग एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत थी। वहीं आरोपी चंद्रशेखर ऑटो-रिक्शा चालक है। दोनों पिछले कुछ समय से गुप्त रूप से साथ रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह भवानी के परिजनों को उसकी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से एक युवक के साथ उसके संबंधों की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। चिंतित परिजनों ने मकान मालिक को सूचना दी। जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर भवानी को मृत अवस्था में पाया, जबकि चंद्रशेखर अचेत मिला। दोनों के शरीर और कमरे से किसी जहरीले पदार्थ जैसी तेज गंध आने की बात भी सामने आई। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, भवानी को हाल ही में पता चला था कि चंद्रशेखर पहले से शादीशुदा है और उसका एक छह वर्षीय बच्चा भी है। इस जानकारी से आहत होकर उसने अपने परिवार को पूरी बात बताई थी। इसके बाद परिजनों ने उसके लिए नया रिश्ता तय किया था और अगले सप्ताह उसकी सगाई होने वाली थी।
पुलिस का कहना है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन किया था। पुलिस को संदेह है कि जब युवती की मौत नहीं हुई तो आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

