जांजगीर-चांपा, 16 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की है। विशेष जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर निर्माणाधीन मार्ग का उपयोग करने वाले 96 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, नियम तोडऩे वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर लगातार बढ़ते जोखिम को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष निगरानी शुरू की है।
० वाहनों की एंट्री रोकने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को लिखा पत्र
यातायात पुलिस ने सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर इस मार्ग पर छोटे और बड़े सभी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया है। पुलिस का मानना है कि अधूरे निर्माण कार्य के बीच वाहन संचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
० चेकिंग अभियान में नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई
निर्माणाधीन मार्ग के विभिन्न हिस्सों में चेकिंग पॉइंट बनाकर पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया गया जो प्रतिबंध और चेतावनी के बावजूद मार्ग का उपयोग कर रहे थे। एक ही दिन में 96 वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
० पुलिस की अपील: सुरक्षित मार्गों का करें उपयोग
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि भारतमाला मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण होने तक इस रास्ते का उपयोग न करें। पुलिस ने कहा कि दुर्घटनाओं से बचने के लिए वैकल्पिक और सुरक्षित मार्गों का चयन करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

