0 टिपर से वाहन को टक्कर मारकर लगाई आग, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भरत सिंह गहरवार की जिंदा जलकर मौत; तीन गंभीर घायल
कोरिया, 17 जून (आरएनएस)। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने भयावह रूप ले लिया। भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की फॉच्र्यूनर वाहन में आग लगाए जाने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि भरत सिंह गहरवार अपने साथियों के साथ नवगई गांव पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी फॉच्र्यूनर को घेर लिया। आरोप है कि पहले वाहन को एक टिपर से कई बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया, फिर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद वाहन के दरवाजे जाम हो गए थे, जिससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। अंदर फंसे लोगों ने शीशे तोड़कर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने के भी आरोप हैं। आग की चपेट में आने से भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

तीन घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
घटना में झुलसे तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
आईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के दीपक झा देर रात घटनास्थल पहुंचे और जांच की समीक्षा की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपियों अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर पूछताछ कर रही है।
उप मुख्यमंत्री बोले- तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी। उन्होंने घटना के राजनीतिकरण पर भी चिंता जताई।

कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल
घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राज्य सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि रेत कारोबार को लेकर राजनीतिक संरक्षण प्राप्त समूहों के बीच संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। पार्टी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जांच जारी, कई सवालों के जवाब बाकी
पुलिस हत्या, आगजनी और रेत कारोबार से जुड़े विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही इस सनसनीखेज वारदात की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल इस घटना ने रेत कारोबार से जुड़े विवादों और उससे उपजे हिंसक संघर्षों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
0

