हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने आमजन की सुनी समस्याएं
सिरसा 18 जून (आरएनएस)। हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार श्रमिकों, किसानों, युवाओं और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। बुधवार को सिरसा स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पहुंचने पर उनका श्रमिकों व अन्य गणमान्यों ने स्वागत किया। इस दौरान सिरसा सहित अन्य जिलों से आए श्रमिक संगठनों ने करीब एक साल से बंद पंजीकरण पोर्टल खोले जाने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, श्रम मंत्री श्री अनिल विज और बोर्ड चेयरमैन का धन्यवाद किया, वहीं चेयरमैन ने उपस्थित जन को भरोसा दिलाया कि श्रमिकों के हितार्थ योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी और जनहितकारी नीतियों के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिली है तथा श्रमिक वर्ग के हितों की रक्षा के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण प्रदेश का मजदूर वर्ग स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा श्रमिकों के हितों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों का पुन: पंजीकरण की प्राथमिकता रहेगी, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष अभियान के तहत जनसंपर्क करते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार मजदूरों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है तथा श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर नई योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से आह्वान किया कि वे अपना पंजीकरण करवाकर सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

