०नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत जनजागरूकता का दिया गया संदेश
कोण्डागांव,17 जून (आरएनएस)। ग्राम मसोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी तथा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की उपस्थिति में सभी ने नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूकता संदेश दिया गया तथा युवाओं से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया। विधायक लता उसेंडी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार 17 जून से 26 जून 2026 तक नशा मुक्त भारत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही ‘नशा मुक्त भारत अभियान- विकसित भारत की पहचान’ विषय पर जिले में सामुदायिक शपथ, पोस्टर निर्माण, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, साइकिल रैली, योग सत्र तथा सोशल मीडिया जागरूकता अभियान जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिला प्रशासन द्वारा शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचाते हुए स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल, ईना श्रीवास्तव, सरपंच सुकली बाई मरकाम, बंटी नाग सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

