० 13.451 किलो गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, दो अंतर्राज्यीय तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़े
रायपुर, 17 जून (आरएनएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुढिय़ारी, पण्डरी और उरला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 13 किलो 451 ग्राम गांजा के साथ कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी दो अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जब्त गांजे की कुल कीमत लगभग 6 लाख 72 हजार 550 रुपये आंकी है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों पर नजर रख रही है।
झांसी के दो तस्कर 9.866 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार
थाना गुढिय़ारी पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक गांजा का परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए कबीर चौक स्थित ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बाजार के पास पुलिस ने आकाश रायकवाड़ और धीरज रायकवाड़ को पकड़ा। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9 किलो 866 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 93 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पण्डरी में गांजा बेचते युवक गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में थाना पण्डरी पुलिस ने दलदल सिवनी स्थित कचरा गोदाम के पास गांजा बिक्री कर रहे कमलेश पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 285 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
उरला में 1.3 किलो गांजा के साथ आरोपी पकड़ा गया
थाना उरला पुलिस ने बीरगांव स्थित बुधवारी बाजार के पास गांजा बेचते हुए संतराम निषाद को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 53 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 272/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
गुढिय़ारी प्रकरण
आकाश रायकवाड़ (21 वर्ष), निवासी झांसी, उत्तर प्रदेश
धीरज रायकवाड़ (21 वर्ष), निवासी झांसी, उत्तर प्रदेश
पण्डरी प्रकरण
कमलेश पटेल (20 वर्ष), निवासी मोवा, रायपुर
उरला प्रकरण
संतराम निषाद (36 वर्ष), निवासी बीरगांव, रायपुर
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

