बिलासपुर, 17 जून (आरएनएस)। सिरगिट्टी पुलिस ने कबाड़ी दुकान में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और टाटा पिकअप वाहन लूटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वाहन भी बरामद कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहम्मद फिरोज, रोहित, राहुल, रितिक, तौसिफ और उनके अन्य साथियों ने उसके साले को एक कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर रखा। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये की मांग की। इसके अलावा प्रार्थी का टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी जबरन अपने कब्जे में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 445/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और पतासाजी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फिरोज (42 वर्ष), निवासी मसानगंज, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर तथा अब्दुल सफीर (32 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोहम्मद फिरोज के कब्जे से घटना में लूटा गया टाटा कंपनी का पिकअप वाहन बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

