केशकाल, 17 जून (आरएनएस)। आगामी वर्षा ऋतु में कुएमारी एवं कोडाकल वाटरफॉल में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मिड़दे में पुलिस विभाग द्वारा सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों एवं वाटरफॉल समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस केशकाल अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वाटरफॉल के खतरनाक स्थानों के समीप पर्यटकों को मोबाइल फोन लेकर सेल्फी लेने से रोका जाएगा। साथ ही पर्यटकों को ऊंचे और जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में चढऩे नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर खतरनाक स्थानों पर तार की घेराबंदी करने तथा वाटरफॉल के निचले हिस्सों में सुरक्षा कर्मियों और वालंटियरों की तैनाती करने पर भी सहमति बनी।
सहयोग चौपाल के दौरान ग्रामीणों को महिला अपराध, यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम, नए आपराधिक कानूनों, डायल-112 सेवा तथा नशामुक्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से जागरूक रहकर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक गोपाल सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक नेमसिंह मरकाम, आरक्षक अस्सी नेताम, संदीप कुमार, सुकलाल नेताम एवं रोबिन कोराम सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

