कोण्डागांव, 17 जून (आरएनएस)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.837 किलोग्राम गांजा तथा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल में गांजा छिपाकर नारायणपुर से कोण्डागांव की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-30 बायपास तिराहा स्थित नए बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 27 क्च 9652 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम अमित पोटाई (24 वर्ष), निवासी बनचपाई, थाना बेनुर, जिला कोण्डागांव बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी अमित पोटाई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई करते हुए पूछताछ की। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह गांजा कोण्डागांव निवासी राजेश मण्डावी के कहने पर बिक्री के लिए ला रहा था। उसने यह भी बताया कि राजेश मण्डावी और निहाल पाटील मिलकर शहर में गांजे की पुडिय़ा बनाकर बेचने का काम करते हैं।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने राजेश मण्डावी और निहाल पाटील को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने भी अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित पोटाई (24 वर्ष), निवासी बनचपाई, राजेश मण्डावी (25 वर्ष), निवासी भानपुरी बेड़ापारा तथा निहाल पाटील (18 वर्ष), निवासी बाजारपारा, कोण्डागांव शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.837 किलोग्राम गांजा तथा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1.30 लाख रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक निहार रंजन मण्डल, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम, आरक्षक छेदीलाल नेताम, प्रभुलाल नेताम तथा साइबर सेल कोण्डागांव के प्रधान आरक्षक हरेन्द्र कश्यप एवं आरक्षक संतोष कोडोपी, बिरजू सोडी और बलदेव सोडी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

