नारायणपुर,17 जून(आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के मसपुर-गुडरापाल जंगल क्षेत्र में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीएसएफ की 133वीं वाहिनी ने जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और अन्य सामग्रियों का डंप बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 16 जून को बीएसएफ की 133वीं वाहिनी की ‘ईÓ कंपनी द्वारा कैंप मसपुर से आसपास के वन क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को जंगल के भीतर एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखा गया हथियारों और अन्य सामग्रियों का जखीरा मिला।
बरामद सामग्री में एक देसी बीजीएल लॉन्चर, सात बीजीएल गन, एक 12 बोर राइफल, 37 राउंड कारतूस, 15 मीटर वायर तथा पांच पोच शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उक्त हथियार और अन्य सामग्री पहले से जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसका उपयोग नक्सली गतिविधियों में किया जाना था। सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार चलाए जा रहे अभियान के चलते इस डंप का पता लगाया जा सका।
गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 को नारायणपुर जिले को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बाद भी पुलिस और सुरक्षा बल दूरस्थ वन क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। अभियान का उद्देश्य जंगलों में छिपाए गए हथियारों, विस्फोटक सामग्रियों और अन्य संसाधनों को खोजकर जब्त करना तथा क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

