रायपुर, 17 जून (आरएनएस)। सार्वजनिक स्थान पर धारदार बटनदार चाकू लहराकर लोगों में भय का माहौल उत्पन्न करने वाले आरोपी को थाना डी.डी. नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना डी.डी. नगर क्षेत्र में शाम की पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान 17 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुरा क्षेत्र स्थित महादेव घाट पुल के पास एक व्यक्ति हाथ में बटनदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है और क्षेत्र में भय का वातावरण बना रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना डी.डी. नगर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मेन्द्र धीवर (29 वर्ष), निवासी बाजार चौक, डॉलफिन इम्प्रेस के सामने, मोवा, थाना पंडरी, रायपुर बताया।
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना डी.डी. नगर पुलिस टीम द्वारा की गई।
थाना डी.डी. नगर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

