रायपुर,18 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के माना कैंप थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक से लूट की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर पर हमला कर उसे सड़क पर गिरा दिया और मारपीट करते हुए 19 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, पीडि़त निलेश घोष (26) कांकेर जिले के पखांजूर का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित वेलफेयर कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर एक रियल एस्टेट कंपनी में कार्यरत है।निलेश ने बताया कि 14 जून की रात करीब एक बजे वह कंपनी से भुगतान के 19 हजार रुपये लेकर अपनी बाइक से पखांजूर के लिए रवाना हुआ था। डुमरतराई स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने के बाद वह आगे बढ़ रहा था, तभी दो बाइकों में सवार अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और सिर पर किसी वस्तु से हमला कर दिया। हमले से वह सड़क पर गिर गया।इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे 19 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना के तीन दिन बाद पीडि़त की शिकायत पर माना कैंप थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

