बिलासपुर, 18 जून (आरएनएस)। चकरभाठा पुलिस एवं एसीसीयू (्रष्टष्ट) की संयुक्त टीम ने लूटपाट की घटना का चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद बिलासपुर से फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुनील यादव, निवासी ग्राम सेंवार, ने थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्ड ड्रिंक कंपनी में हाउसकीपिंग का काम करता है। 16 जून की रात करीब 10:30 बजे काम से लौटते समय वह अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 10 ईडी 9432 से गांव जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने पीछे से आकर उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गया।
इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसके पास रखे 395 रुपये लूट लिए। साथ ही उसकी स्कूटी भी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना चकरभाठा एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20 वर्ष) और रोहन दास (21 वर्ष), दोनों निवासी नयापारा सिरगिट्टी, तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटी गई 395 रुपये की नकदी तथा लूटी गई प्लेजर मोपेड बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों और बालक को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस थाना या डायल 112 पर दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

