बालोद, 18 जून (आरएनएस)। जिले में आम नागरिकों की शिकायतों एवं आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संचालित समाधान सेल एक बार फिर प्रभावी साबित हुआ है। समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में गुरुवार को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम खैंदा में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी शोभित गिरी गोस्वामी (40 वर्ष) को अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34 पाव देशी मसाला शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 3,400 रुपये बताई गई है। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में शुरू किए गए समाधान सेल के माध्यम से अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या आपराधिक गतिविधि की जानकारी समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

