रायपुर, 19 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से पैसे वसूलने, मानसिक प्रताडऩा देने और बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुकमा जिले के मस्तानपारा निवासी किरण नाग नौकरी की तलाश में रायपुर आई थी। आरोप है कि उसे ट्रेनिंग और नौकरी दिलाने का झांसा देकर खमतराई क्षेत्र स्थित एक ट्रेनिंग सेंटर बुलाया गया। यहां उसका इंटरव्यू लिया गया और शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड तथा फोटो जमा करा लिए गए। इसके बाद रहने और खाने के नाम पर उससे 2500 रुपये भी वसूले गए।
पीडि़ता के परिजनों का आरोप है कि चार दिन की ट्रेनिंग के बाद युवती को नौकरी मिलने की बात कहकर 15 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी के लिए 46 हजार रुपये की मांग की गई। जब उसने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो उस पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा। यहां तक कि घर की जमीन-जायदाद बेचकर या गिरवी रखकर पैसे की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।
बताया गया कि दबाव के चलते परिजनों ने गांव की जमीन गिरवी रखकर 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों द्वारा शेष 31 हजार रुपये की मांग जारी रखी गई। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि उसे लगातार निगरानी में रखा जाता था और मोबाइल फोन का उपयोग भी सीमित कर दिया गया था। परिवार से बात करने की अनुमति केवल पैसे मांगने के लिए दी जाती थी।
घटना से परेशान होकर युवती ने किसी तरह अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद 17 जून को परिजन पुलिस के साथ रायपुर पहुंचे और युवती से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर खमतराई थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब ट्रेनिंग सेंटर की गतिविधियों, दस्तावेजों, पैसों के लेन-देन और आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं अन्य युवाओं को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार तो नहीं बनाया गया है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

