सूरजपुर, 20 जून (आरएनएस)। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर होने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी।

जानकारी के अनुसार, एक ही बाइक पर चार युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। सड़क पर खड़े इसी ट्रक से बाइक टकराने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तीन युवकों की मौत से गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने हालात पर काबू पाया और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक को सड़क पर किन परिस्थितियों में छोड़ा गया था और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी है।
बंछोर
000

