गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 20 जून (आरएनएस)। पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी चौकी अंतर्गत सोन नदी पुल पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटी अपने पिता के साथ कॉलेज परीक्षा देने जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर निवासी कृपाल सिंह अपनी पुत्री गायत्री के साथ मोपेड से पेंड्रा कॉलेज जा रहे थे। गायत्री बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। सुबह कॉलेज पहुंचने से पहले कोटमी स्थित सोन नदी पुल के पास उनकी मोपेड एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल पर एक ट्रक ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान मोपेड चालक कृपाल सिंह वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और मोपेड ट्रक के बेहद करीब पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल कृपाल सिंह को उपचार के लिए गौरेला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

