० नीट परीक्षा रद्द करने पर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, पुरंदर मिश्रा के बयान की निंदा
रायपुर, 20 जून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर शनिवार से अभनपुर में शुरू हो रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शनिवार शाम 4.30 बजे शिविर में शामिल होंगे, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2.15 बजे रायपुर पहुंचकर सीधे प्रशिक्षण स्थल जाएंगे और शाम 6.40 बजे दिल्ली लौट जाएंगे।
बैज ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट, श्रमदान, गांव में रात्रि विश्राम तथा समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शुक्रवार को उन्होंने नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से मुलाकात की। विद्यार्थियों से चर्चा के बाद यह महसूस हुआ कि परीक्षा रद्द होने से उनका मनोबल प्रभावित हुआ है और परीक्षा प्रणाली पर उनका भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्र सरकार ने अब तक शीर्ष स्तर पर जवाबदेही तय नहीं की है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
दीपक बैज ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा राहुल गांधी के संबंध में दिए गए बयान को आपत्तिजनक बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक भाषा की मर्यादा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए और भाजपा को अपने विधायक के बयान पर संज्ञान लेना चाहिए।
त्रिपाठी
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

