रायपुर, 20 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर नई तकनीक से ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार फर्जी आरटीओ ई-चालान के नाम पर भेजी गई एपीके फाइल ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के बैंक खाते से ?2.63 लाख से अधिक की रकम उड़ा दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, प्रेम नगर मोवा निवासी आशीष वर्मा (35) हिंदूजा फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। 6 जून की दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से आरटीओ का ई-चालान बताकर एक एपीके फाइल भेजी गई। चालान समझकर जैसे ही उन्होंने फाइल डाउनलोड कर उसे ओपन किया, कुछ ही देर में उनके एक्सिस बैंक खाते से 2,63,673 की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर हो गई। शुरुआत में उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी नहीं लगी। खाते की जांच करने पर रकम गायब होने का पता चला, जिसके बाद उन्होंने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर साइबर सेल की सहायता से ठगी की रकम और आरोपियों का सुराग तलाशना शुरू कर दिया है।
० सावधानी जरूरी
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि एपीके फाइल किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था से मिलने पर उसे डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। सरकारी विभाग सामान्यत: ई-चालान पीडीएफ, एसएमएस या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भेजते हैं, एपीके फाइल के रूप में नहीं।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

