कोरबा, 20 जून (आरएनएस)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के बटरामपुर गांव में एक 22 वर्षीय युवक का शव खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक आर्थिक तंगी, कर्ज और बाइक की किस्तों के भुगतान के दबाव से मानसिक तनाव में था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फाइनेंसर पर लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
मृतक की पहचान शंकर कुमार (22) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह 17 जून को रोज की तरह काम पर गया था और रात करीब 9 बजे घर लौटने के बाद अपनी बाइक बाहर खड़ी कर बिना किसी को बताए घर से निकल गया। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। अगले दिन रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर उरगा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जिसके आधार पर बटरामपुर के खेत तक पहुंची टीम को युवक का शव पेड़ से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शंकर ने कुछ महीने पहले फाइनेंस पर नई बाइक खरीदी थी। किस्तें समय पर जमा नहीं होने के कारण वह तनाव में रहने लगा था। परिजनों का आरोप है कि भुगतान के लिए लगातार दबाव बनाए जाने से उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई थी। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस अंतिम कॉल डिटेल, परिस्थितियों और फाइनेंसर से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

