जगदलपुर/बस्तर, 20 जून (आरएनएस)। बस्तर जिले के करपावंड गांव में जमीन विवाद को लेकर उस समय तनाव फैल गया, जब अदालत के आदेश के पालन में भूमि की पैमाइश और कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना में राजस्व निरीक्षक (आरआई), जमीन खरीदार और जमीन विक्रेता के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। मामले के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, शेराराम चौधरी ने मदन निषाद से करीब 10 एकड़ 10 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। न्यायालय ने सुनवाई के बाद शेराराम चौधरी के पक्ष में फैसला सुनाया, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम अदालत के आदेश के तहत जमीन की पैमाइश और कब्जा दिलाने करपावंड गांव पहुंची थी। राजस्व अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई न्यायालय के आदेश और उपलब्ध राजस्व अभिलेखों के अनुसार की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने ग्रामीणों को उकसाया, जिससे विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई। अधिकारियों ने इसे शासकीय कार्य में बाधा और कानून हाथ में लेने का गंभीर मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि जिस नक्शे और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर नापजोख की जा रही थी, उसमें त्रुटियां हैं। उनका कहना है कि जमीन की वास्तविक स्थिति और रिकॉर्ड में अंतर होने के बावजूद कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जा रही थी, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं तथा मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बंछोर
000

