रायपुर, 20 जून (आरएनएस)। दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद केंद्रीय जेल में बंद कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री, जिन्हें ‘चावल वाले बाबाÓ के नाम से जाना जाता है, को शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। पहले उन्हें रायपुर केंद्रीय जेल लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।
सूत्रों के अनुसार, बाबा को महासमुंद जेल से पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायपुर लाया गया। बताया जा रहा है कि उनकी सोनोग्राफी कराई जाएगी। मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने के बाद उन्हें वापस महासमुंद केंद्रीय जेल भेज दिया जाएगा। रायपुर लाए जाने के दौरान मीडिया द्वारा दुष्कर्म मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर नरेंद्र नयन शास्त्री ने आरोपों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने इतना ही कहा कि हो सकता है यह मेरे खिलाफ कोई साजिश हो।
० दुष्कर्म के गंभीर आरोप में हैं जेल में बंद
गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना में एक महिला ने आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता/पूर्व आईपीसी की दुष्कर्म संबंधी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रायपुर जिले के सिलयारी से गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वे न्यायिक हिरासत में महासमुंद केंद्रीय जेल में बंद हैं।
० तबीयत बिगडऩे पर कराया जा रहा उपचार
सूत्रों के मुताबिक, जेल में रहते हुए बाबा की तबीयत खराब होने के बाद चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें रायपुर लाया गया है। उनकी सार्वजनिक पहचान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूरी कार्रवाई गोपनीय और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की।
० चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा के नाम से थी पहचान
नरेंद्र नयन शास्त्री मूल रूप से रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र के निवासी हैं। कथावाचन और ज्योतिष के क्षेत्र में उनकी अलग पहचान रही है। ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबाÓ के रूप में प्रसिद्ध शास्त्री के आश्रम और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे। अब दुष्कर्म के गंभीर आरोपों के चलते वे न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
बंछोर
000

