जांजगीर-चांपा, 20 जून (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम करहीडीह में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति एवं साइबर जनजागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को सामाजिक बदलाव की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में गांव की सक्रिय महिलाओं को संगठित कर महिला कमांडो टीम बनाई गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों से जोडऩा है।महिलाओं को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। महिला कमांडो टीम गांव-गांव में जनजागरूकता की मजबूत कड़ी बनेगी और नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।उन्होंने कहा कि साइबर अपराध और नशे की बढ़ती समस्या समाज के लिए गंभीर चुनौती है, जिसका मुकाबला जनसहभागिता से ही संभव है। महिला कमांडो टीम के सदस्य अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करेंगे, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाएंगे तथा महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग बनाएंगे।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा कानून और बाल संरक्षण संबंधी विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

