पीएम के 12 वर्ष का कार्यकाल स्वर्णिम,हर वर्ग हर क्षेत्र में हुआ विकास –किरण सिंह देव
केशव सल्होत्रा
जगदलपुर 20 जून (आरएनएस) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 साल बेमिसाल के अन्तर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार टाऊन हॉल में किया गया। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं मुख्य वक्ता के रूप में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप सम्मिलित हुये। इस अवसर पर मोदी सरकार के बेमिसाल 12 वर्षों में जनकल्याण, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों एवं उपलब्धियों पर उपस्थित जनों से सीधे संवाद स्थापित किया गया।
मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के,विश्वास के और जनकल्याणकारी यात्रा के उपलब्धियों से परिपूर्ण बेमिसाल 12 साल पूरे हुये है। उनके नेतृत्व में समृद्ध और सशक्त नये भारत का निर्माण हो रहा है। गरीब कल्याण के लिये जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ खाते खोले गये, कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के समय से लेकर अभी तक 81 करोड़ देशवासियों से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। गरीबों को इलाज के खर्च में राहत देने आयुष्मान भारत योजना में 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड बने हैं। जिसमें निशुल्क इलाज की गारंटी है। पीएम आवास योजना में 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान, उज्जवला योजना में 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिये गये हैं। देश की सुरक्षा के लिये अभूतपूर्व कार्य पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर सहित संपूर्ण भारत से नक्सलवाद को समाप्त करने का संकल्प भी सिद्ध हुआ है। बस्तर वासियों को नक्सली आतंक से मुक्ति दिलाने का बड़ा काम मोदी सरकार ने किया है। हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहयोगी बनना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का यह कार्यकाल स्वर्णिम व ऐतिहासिक काल है। सबका साथ सब का विकास,सब का विश्वास,सबका प्रयास मूलमंत्र के साथ प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ भारतवासियों की सतत सेवा कर रहे हैं। राष्ट्र को सशक्त व सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण व बड़े काम मजबूती से हो रहे हैं। हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास व उत्थान के लिये संपूर्ण योजना बनाकर उसे पूरा करने का काम मोदी सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद को प्रधानमंत्री नहीं प्रधान सेवक कहते हैं। 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने का लक्ष्य है,राष्ट्र को परम वैभव के शिखर तक पहुंचाने की इस महान यात्रा में प्रत्येक भारतीय को सहभागिता निभानी है।
सम्मेलन में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही व आभार प्रदर्शन परीस राम बेसरा ने किया। सम्मेलन में इंद्रावती विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष शरद अवस्थी, डा.सुभाऊ कश्यप,बैदूराम कश्यप, शिवनारायण पाण्डेय, सुधीर पाण्डेय,जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा,महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, बलदेव मण्डावी, बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष श्याम सोमानी, गुजराती समाज अध्यक्ष अनिल पटेल, सिक्ख समाज अध्यक्ष सौरभ सिंह गढ़िवाल,अनिता राज, अश्विनी सरडे, आर्येंद्र आर्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

