मेरठ,20 जून(आरएनएस)। मेरठ में गोली का शिकार हुए डॉगी शौर्य की जिंदगी बचाने के लिए डॉक्टर लगातार प्रयास कर रहे हैं। गंभीर रूप से घायल शौर्य का उपचार नई दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित एक निजी पशु चिकित्सालय में चल रहा है। हालत नाजुक होने के बावजूद चिकित्सकों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी हुई है।
करीब से मारी गई थी गोली
जानकारी के अनुसार 13 जून को मेरठ के सरधना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने बेहद नजदीक से शौर्य पर गोली चला दी थी। घटना के बाद करन पुरी फाउंडेशन की टीम उसे तत्काल दिल्ली लेकर पहुंची और निजी पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया। मामले ने पशु प्रेमियों और पशु कल्याण से जुड़े संगठनों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया था। चिकित्सकों के अनुसार शौर्य के सिर और शरीर में बड़ी संख्या में छर्रे धंस गए थे। कई घंटे तक चले जटिल शल्य उपचार के दौरान अब तक लगभग 150 छर्रे निकाले जा चुके हैं। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ छर्रे शरीर के ऐसे हिस्सों में फंसे हैं, जहां उन्हें निकालना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए वे शरीर में ही रह सकते हैं।
गोली लगने से शौर्य की आंखों को गंभीर क्षति पहुंची थी। चिकित्सकों के मुताबिक चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी दोनों आंखें निकालनी पड़ीं। इसके चलते वह अब हमेशा के लिए दृष्टिहीन हो गया है। हालांकि चिकित्सक उसकी जान बचाने के लिए लगातार उपचार कर रहे हैं और उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आरोपी जेल भेजा गया
करन पुरी फाउंडेशन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शमी उर्फ सानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फाउंडेशन से जुड़ी दिव्या पुरी ने कहा कि यह घटना पशुओं के प्रति बढ़ती क्रूरता का गंभीर उदाहरण है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

