मेरठ,20 जून(आरएनएस)। शनिवार की दोपहर लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन इलाके में उस समय हड़कंप मच गया। जब कूड़े के ढेर में लगी आग से विस्फोट के चलते आसपास का इलाका दहल उठा। धमाका इतना जबरदस्त था कि कई मकानों की खिड़कियों के कांच टूट गए। जानकारी के बाद एसपी सिटी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक समर गार्डन के चौराहे पर नरहाड़ा निवासी ताहिर का खाली प्लॉट है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि शनिवार की दोपहर किसी ने प्लॉट में पड़े कूड़े के ढेर में आग लगा दी। कुछ देर बाद प्लॉट में धमाके के साथ तेज विस्फोट हुआ। जिसके चलते आसपास का इलाका दहल उठा और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
धमाका इतना जबरदस्त था कि पड़ोस में रहने वाले इरशाद और अन्य कई लोगों के मकान की खिड़कियों के कांच टूट गए। विस्फोट की सूचना पर आनन-फानन में एसपी सिटी विनायक भोंसले, सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना, लिसाड़ी गेट पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसपी सिटी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद कूड़े के ढेर में कोई कबाड़ बैटरी भी पड़ी होगी, जो धमाके के साथ फटी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

