मेरठ,20 जून(आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के उपलक्ष्य में शनिवार को मेरठ में स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देने के लिए साइकिल रैली एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और हेडक्वार्टर पश्चिम यूपी सब एरिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सेना के अधिकारियों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय प्रशासन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर से हुआ। देशभक्ति और फिटनेस के नारों के बीच शुरू हुई रैली मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के सलावा परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में मिलिट्री हास्पिटल मेरठ के कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा, कर्नल राकेश दलाल सहित सेना के कई अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्वयं साइकिल चलाकर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। सलावा परिसर पहुंचने पर प्रतिभागियों के लिए योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें ताड़ासन समेत विभिन्न योगासन कराए गए।
इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त) ने कहा कि साइकिलिंग और योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ब्रिगेडियर पात्रा को दी विदाई
कार्यक्रम का एक भावनात्मक पक्ष भी रहा। मिलिट्री हास्पिटल मेरठ के कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा का स्थानांतरण कमांड हास्पिटल (ईस्टर्न कमांड), कोलकाता में होने पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने कहा कि यह साइकिलिंग कार्यक्रम ब्रिगेडियर पात्रा के मेरठ में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करने और उन्हें यादगार विदाई देने का भी माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद प्रतिभागी पुन: एसवीबीपी कृषि विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे, जहां कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

