दुर्ग, 20 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेपनी टायर के अंदर छिपाकर गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, एक पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 17.72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, थाना जामुल क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि घासीदास नगर मैदान में खड़ी एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में अवैध मादक पदार्थ रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली।
जांच के दौरान वाहन में रखे दो स्टेपनी टायर संदिग्ध पाए गए। ऑटो मिस्त्री की सहायता से टायरों को खुलवाने पर उनके अंदर कुल 31 पैकेट गांजा बरामद हुआ। एक टायर में 16 और दूसरे में 15 पैकेट छिपाकर रखे गए थे, जिनका कुल वजन 15.5 किलोग्राम निकला।
मौके से पुलिस ने आकाश जांगड़े (18 वर्ष), मुकेश कुमार सेन (22 वर्ष) और टिकेश्वर यादव (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

