बिलासपुर, 20 जून (आरएनएस)। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। खेत बेचकर मिले रुपयों के लालच में एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, घटना में प्रयुक्त ऑटो और हत्या में इस्तेमाल पत्थर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बांसाझाल भाठाखार जूनापारा के खेत में भुवन सिंह ध्रुव का शव मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच में सामने आया कि मृतक भुवन सिंह ध्रुव ने कुछ दिन पहले अपना खेत बेचा था और उसके पास बड़ी रकम थी। इसका पता उसके परिचित अशोक श्रीवास को चल गया था। रुपयों की लालच में आरोपी ने पहले भुवन से नजदीकी बढ़ाई और फिर उसे अपने साथ ले जाकर शराब पिलाई।
पुलिस के मुताबिक 13 जून को आरोपी अशोक श्रीवास अपने ऑटो में भुवन को लेकर जंगल गया। वहां शराब पिलाने के बाद वह लगातार रुपयों की मांग करता रहा। जब भुवन ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी उसे बांसाझाल के पास सुनसान खेत में ले गया और पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद 3 से 4 किलो वजनी पत्थर से सीने पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और रुपये लेकर फरार हो गया।
हत्या के बाद आरोपी ने लूटे गए रुपये अपने घर की सीढिय़ों के नीचे छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी अशोक श्रीवास (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 41,500 रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त पत्थर और ऑटो क्रमांक सी जी 10 बी एन 1761 बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

