० तन-मन को स्वस्थ एवं निरोगी रखने योग को जीवन का अनिवार्य अंग बनाएं: शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव
० जिला मुख्यालय के गंजपारा स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम
बालोद, 21 जून (आरएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय बालोद सहित जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों, नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायतों एवं स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। जिला मुख्यालय के गंजपारा स्थित इण्डोर स्टेडियम में आज आयोजित जिला स्तरीय 12वें योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। Óयोगा फॉर हेल्दी एजिंगÓ की थीम पर आधारित सामूहिक योगाभ्यास में मुख्य अतिथि के तौर पर स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने हिस्सा लेकर योग के विभिन्न आयामों का अभ्यास किया।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने जिलावासियों को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग एवं प्राणायाम भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसका अनुसरण आज संपूर्ण विश्व कर रहा है। यह मानव जीवन को स्वस्थ एवं निरोगी रखने की उत्कृष्ट क्रिया है, जिसे अपने जीवन का अनिवार्य अंग बनाकर तन और मन को स्वस्थ रखने की कला है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक को अपने शरीर के लिए प्रतिदिन न्यूनतम एक घण्टा देने की अपील करते हुए कहा कि मनुष्य के शरीर में असीम आंतरिक ऊर्जा छिपी हुई है और इसे योगाभ्यास से ही जागृत किया जा सकता है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत अभियान के तहत परिवार, समाज तथा राष्ट्र को नशे की सामाजिक बुराई से मुक्त कराने हर संभव समन्वित प्रयास करने की शपथ भी दिलाई।
सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम योगाचार्य श्री धीरज शर्मा के द्वारा क्रमश: ग्रीवा चालन, हस्तचालन, कटिचालन, ताड़ासन, वृक्षासन के अलावा बैठकर किए जाने वाला आसन वज्रासन, मंडूकासन, दण्डासन, पद्मासन के साथ-साथ लेटकर किए जाने वाले विभिन्न योग मुद्राओं का भी अभ्यास कराया गया। इसके अंतर्गत अर्धहलासन, उत्तानपाद आसन, भुजंगासन, शलभासन, शशांकासन आदि का अभ्यास किया गया। इसके पश्चात श्वास आधारित प्राणायाम के तहत अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेन्द्र चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल के अलावा गणमान्य नागरिक श्री चेमन देशमुख, श्री पवन साहू सहित अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा रेडक्रॉस सोसायटी एवं स्काउट-गाइड्स वॉलिंटियर्स गणमान्य नागरिक, स्कूली विद्यार्थियों आदि ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

