जशपुरनगर, 21 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गंभीर किडनी रोग से जूझ रहे जशपुर निवासी जितेन्द्र कुमार यादव (44 वर्ष) के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 3,95,121 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। आर्थिक तंगी के कारण इलाज में आ रही बाधा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए सहायता राशि मंजूर की।
जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र कुमार यादव गंभीर किडनी रोग से पीडि़त हैं और उन्हें रेनल ट्रांसप्लांट (किडनी प्रत्यारोपण) की आवश्यकता है। उपचार का खर्च वहन करने में असमर्थ परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निजी निवास स्थित सीएम कैंप कार्यालय, बगिया पहुंचकर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया था। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 3,95,121 रुपये की सहायता स्वीकृत कर दी गई। राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह राशि जी.आर. दोशी एवं के.एम. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद (गुजरात) में किडनी प्रत्यारोपण, उपचार और आवश्यक दवाइयों के लिए प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार गंभीर और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें जीवनरक्षक उपचार में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत इस सहायता से मरीज और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मदद उनके लिए नई उम्मीद लेकर आई है। यह निर्णय जरूरतमंदों के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण माना जा रहा है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

