नई दिल्ली/नोएडा,21 जून(आरएनएस)। ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे पर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब मांट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी का एक हाइवा से एक्सीडेंट हो गया. हादसा इतना भीषण था कि एस्कॉर्ट में चल रहे पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि जेवर क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक से बचने के दौरान विधायक राजेश चौधरी की एस्कॉर्ट बोलेरो फेंसिंग से टकरा गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ है. ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम्म ने बताया कि रविवार को थाना जेवर क्षेत्रांतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर बोलेरो एवं एक हाईवा टकराने के कारण क्षतिग्रस्त हो गए. सूचना प्राप्त होते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
डीसीपी रवि शंकर निम्म ने आगे बताया कि उपचार के दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी राजेंद्र सिंह यादव को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य घायल पुलिसकर्मी मुख्य आरक्षी सुल्तान सिंह को सामान्य चोटें आई हैं. उस घटना के बाद वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. हाईवा को पुलिस ने कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है. मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित है. मुकदमा पंजीकृत करते हुए अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

