नई दिल्ली,21 जून(आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा शामिल हुए. कार्यक्रम शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई, जिसके बाद सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोलकाता से लाइव संबोधन सुना. इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व को भारत की देन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर यह हुआ है.
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने साल में 100 दिन योग करने की जो बात कही है उसको अपनाना चाहिए. दिल्ली के नागरिक भी इसे अपनाएं. एलजी ने कहा कि स्वस्थ और लंबी आयु के लिए योग एक सशक्त माध्यम है सभी को इसे अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कोरोना के समय में लोगों को आइसोलेट करने के लिए जगह कम पड़ रही थी उस समय हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योग का संदेश पूरी दुनिया में फैला और घरों में रहकर लोगों ने इसे अपनाया. मैं उस समय अमेरिका में था वहां भी मैंने यह सब देखा. फिजिकल फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए योग बहुत लाभदायक है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को प्राचीन और पुरातन योग की परंपरा को पूरे विश्व में पहुंचाया है. आज योग योगा हो गया है, क्योंकि योग का शाब्दिक अर्थ जोडऩा होता है. योग के माध्यम से आज पूरा विश्व जुड़ रहा है. आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यहां योगा करने वाले सभी लोगों को में बधाई देता हूं. पश्चिम बंगाल में योग दिवस के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के शामिल होने को लेकर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने से बंगाल शुद्ध हो गया है. आज लोगों ने वहां बड़ी संख्या में योग किया है. यह बंगाल की जनता द्वारा मोदी जी के विश्वास पर विश्वास दिखाने का परिणाम है.
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्ष वर्धन, विधायक ओम प्रकाश शर्मा सहित दिल्ली के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों नागरिकों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया. पीताम्बरा पीठ के पीठाधीश्वर आचार्य विक्रमादित्य ने यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सभी को योग कराया. इस दौरान यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के उद्बोधन और राष्ट्रभक्ति के माहौल के साथ हुई. दिल्ली में कुल 29 स्थानों पर योग दिवस के बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन, फिट इंडिया और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

