मुंबई,22 जून(आरएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मानसून पहुंच गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। रविवार के बाद सोमवार को भी मुंबई के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, जो कुछ घंटे तक जारी रही। हालांकि, दूसरे दिन की लगातार बारिश ने लोगों के लिए समस्या पैदा की। कई इलाकों में यातायात रूक गया और कुछ जगह जलभराव पैदा होने से सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
बारिश के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भारी जाम लग गया। यहां सब्जियों से लदा एक ट्रक हाईवे पर पलट गया, जिससे यातायात की समस्या और बढ़ गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, अंधेरी मेट्रो में यातायात लगभग 10-15 मिनट के लिए रुक गया। बांद्रा ईस्ट के कुछ हिस्सों में भी जलभराव है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, मुंबई में सुबह 6 से 7 बजे के बीच 17 मिमी बारिश हुई है। कुछ इलाकों में 61 मिमी बारिश हुई है।
आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 10 जून के आसपास मुंबई पहुंचता है। इस बार देरी हुई और यह 21 जून को पहुंचा है। हालांकि, पहले दिन की बारिश ने लोगों को चौंका दिया। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले सप्ताह में भारी और अधिक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इसमें 25 और 26 जून के आसपास इसमें काफी तीव्रता आने की संभावना है। बताया जा रहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 जून के आसपास महाराष्ट्र के और हिस्सों में प्रवेश करेगा।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

