ठाणे,22 जून(आरएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे में रविवार को हुए बीएमडब्ल्यू हादसे ने लोगों के रौंगटे खड़े कर दिए हैं। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 2 युवकों के शव भी 2 हिस्सों में बंट गए। हादसा रविवार तड़के बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हुआ है। मृतकों की पहचान कार सवार योगेश दिघे (26) और रेकेबा जैकब (24) के रूप में हुई। दोनों बदलापुर के निवासी थे। कार सवार तीसरा युवक अंगद गंभीर घायल है।
शनिवार को योगेश का जन्मदिन था। वह जैकब और अंगद के साथ बीएमडब्ल्यू से जन्मदिन मनाने निकला था। कार अंगद चला रहा था। उसके पिता कार के मालिक हैं। तीनों तड़के 4 बजे टिटवाला से बदलापुर लौट रहे थे, तभी वे मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चले गए और उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय कार की रफ्तार 251 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
पुलिस का कहना है कि मौके पर अंगद के सिर पर गंभीर रूप से चोट मिली है। योगेश का शव 2 टुकड़ों में बंट गया, जबकि जैकब भी घटनास्थल से दूर मृत मिलीं। एक्सप्रेसवे के जिस हिस्से में हादसा हुआ है, वह अभी आवागमन के लिए शुरू नहीं हुआ था। घटनास्थल से जन्मदिन की पार्टी का 9,000 रुपये का बिल भी मिला है। कार का इंजन भी घटनास्थल से 30 मीटर दूर मिला है। तीनों इंस्टाग्राम पर लाइव थे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

