0 सख्त दिशा-निर्देश जारी
दुर्ग, 22 जून (आरएनएस)। कूरियर सेवाओं और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली सामग्री तथा घातक हथियारों की आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को संयुक्त बैठक आयोजित की। कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में आयोजित इस बैठक में कूरियर कंपनियों के संचालकों और प्रतिनिधियों को सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि पार्सल सेवाओं का दुरुपयोग कर नशीली दवाओं, मादक पदार्थों और अन्य अवैध सामग्री के परिवहन की आशंकाओं को देखते हुए सभी कूरियर एजेंसियों को सतर्कता बरतनी होगी।
पार्सल बुकिंग के लिए पहचान दस्तावेज अनिवार्य
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी पार्सल की बुकिंग के दौरान प्रेषक, प्राप्तकर्ता और बुकिंग कराने वाले व्यक्ति का पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा आधार कार्ड की छायाप्रति अनिवार्य रूप से प्राप्त कर अभिलेख में दर्ज की जाए।
सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध पार्सलों पर नजर
बैठक में सभी पार्सल बुकिंग केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कम से कम एक माह तक फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध पार्सल की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को देने तथा नशीली औषधियों या मादक पदार्थों की आशंका होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचित करने को कहा गया।
औषधियों के पार्सलों का अलग रिकॉर्ड रखने के निर्देश
अधिकारियों ने औषधियों से जुड़े पार्सलों के लिए अलग रजिस्टर संधारित करने और उसमें भेजने वाले तथा प्राप्तकर्ता की पूरी जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया। साथ ही ऐसे पार्सलों की बुकिंग में यथासंभव ऑनलाइन भुगतान को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई, ताकि आवश्यकता पडऩे पर प्रेषक की पहचान आसानी से की जा सके।
अवैध गतिविधियों की रोकथाम पर विस्तृत चर्चा
बैठक में कूरियर सेवाओं के माध्यम से होने वाली संभावित अवैध गतिविधियों की रोकथाम, सुरक्षा उपायों और संबंधित वैधानिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने में कूरियर कंपनियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
बैठक में सत्य प्रकाश तिवारी, संजय सिंह, विष्णु प्रसाद साहू, गायत्री पटेल तथा जागेश्वरी साहू सहित विभिन्न कूरियर कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने कूरियर संचालकों, ई-कॉमर्स कंपनियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध पार्सल, प्रतिबंधित नशीली सामग्री या अवैध वस्तुओं के परिवहन संबंधी जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
0

