०तीन आरोपी पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए, अब तक 12 गिरफ्तार
दुग,22 जून (आरएनएस)। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित रूप से स्क्रैप चोरी कर उसके अवैध परिवहन एवं विक्रय के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये की संपत्तियों और आभूषणों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण तथा करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपियों द्वारा चोरी से अर्जित धनराशि को संपत्तियों एवं आभूषणों में निवेश किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।मामले की शुरुआत 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ए.के. ट्रेडर्स, हथखोज भिलाई में की गई जांच से हुई थी। जांच में फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री का अवैध परिवहन एवं भंडारण पाया गया। पुलिस ने मौके से लगभग 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग एवं अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। वहीं वाहनों और मशीनरी सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।विवेचना के दौरान फरार मुख्य आरोपी संजय सिंह को उत्तरप्रदेश के देवरिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। सात दिन की पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा और आकाश कुमार सिंह की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही स्क्रैप परिवहन में उपयोग किए गए वाहनों की फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई हैं।पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद तीनों आरोपियों को 22 जून 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और विवेचना जारी है।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि स्क्रैप या औद्योगिक सामग्री के अवैध क्रय-विक्रय एवं परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

