रांची 22 जून (आरएनएस)। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 2025-26 में 500 में 500 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अजय राय ने कहा कि अवनी की यह सफलता केवल डीपीएस रांची ही नहीं, बल्कि पूरे रांची और झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अवनी ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो देशभर के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि अवनी की उपलब्धि यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही यह सफलता शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड की बढ़ती पहचान को भी मजबूती प्रदान करती है। अजय राय ने अवनी केजरीवाल के साथ-साथ उनके माता-पिता, डीपीएस रांची की प्राचार्या डॉ. जया चौहान तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में परिवार और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने अवनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी नई उपलब्धियां हासिल कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

