भोपाल 22 जून (आरएनएस)। बैरागढ़ इलाके में दवा का ओवरडोज लेने से युवती की मौत हो गई। युवती को पेट दर्द और बीपी की समस्या थी। परिजनों के अनुसार उसने अपनी दवा के साथ गलती से मां की शुगर की दवा भी खा ली थी। तबीयत बिगडऩे पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतका वंदना मीणा (28) पिता स्वर्गीय महाराज मीणा, गांव बेटा की रहने वाली थी। वह अपने परिवार के साथ रहती थी। वंदना को लंबे समय से बीपी और पेट दर्द की शिकायत रहती थी।
रविवार देर रात पेट दर्द होने पर वंदना ने अपनी नियमित दवा ली। इसी दौरान उसने गलती से अपनी मां की शुगर की दवा भी खा ली। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगडऩे लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इलाज के दौरान सोमवार तड़के वंदना की मौत हो गई। घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने बैरागढ़ पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दवा लेने में लापरवाही कैसे हुई और मौत का सटीक कारण क्या था।

