भोपाल 22 जून (आरएनएस)।अयोध्यानगर थाना पुलिस ने स्पोर्ट बाइक से मोबाइल लूट और झपटमारी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन, चार बाइक और एक छुरी समेत करीब 11 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महंगे शौक पूरे करने और जल्दी पैसा कमाने के लिए वारदात करते थे। गैंग के सदस्य खासतौर पर उन लोगों को निशाना बनाते थे, जो सड़क पर चलते समय हाथ में मोबाइल लेकर बात करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल खान (23), फैजान पठान (21), समीर अंसारी (25) और तालिब खान (28) शामिल हैं। इनके पास से ्यञ्जरू ड्यूक, पल्सर 200 हृस्, चोरी की होंडा साइन और क्र15 बाइक बरामद की गई हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी दो स्पोर्ट बाइक से निकलते थे। आगे चलने वाली बाइक से मोबाइल छीना जाता था, जबकि पीछे वाली बाइक पर साथी बैकअप के लिए रहते थे। विरोध करने पर छुरी दिखाकर मोबाइल लूट लेते थे।
11 जून को अयोध्यानगर क्षेत्र के नरेला जोड़ के पास एक युवक से बाइक सवार बदमाशों ने छुरी दिखाकर मोबाइल लूटा था। इस घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

