भोपाल 22 जून (आरएनएस)।मध्यप्रदेश में हो रही तबादला नीति पर समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता यश भारतीय ने कहा कि अधिकारी जब सरकार की बात नहीं मान रहे, तो मंत्रियों और मुख्यमंत्री की जरूरत नहीं उन्हें हटा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने तबादला नीति को उद्योग बना दिया है। सचिव 5 लाख ले करके तबादला कर रहे हैं। तबादला नीति का दिखावा करने की क्या जरूरत है। सरकार एक रेट फिक्स कर दे और उस पर जीएसटी भी लगा दे।
यश भारतीय ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की एक ट्रांसफर लिस्ट का हवाला देते हुए कहा कि विभागीय मंत्री के यहां से ट्रांसफर की एक लिस्ट बनकर गई, लेकिन अधिकारियों ने कई ट्रांसफर रोक दिए।
उन्होंने कहा कि अब सरकार बताए कि मंत्री के आदेश का पालन क्यों नहीं हो रहा है। जिन अधिकारियों का ट्रांसफर रोका गया, उन सभी पर किसी ना किसी विभाग में जांच चल रही है। कई पर भ्रष्टाचार के मामले भी हैं।

